किसानों को उन्नत बीज, श्रमिकों का पंजीकरण और रोजगारपरक योजनाओं की मिलेगी जानकारी
जौनपुर। आमजन को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और पात्र लोगों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एक नवंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, जौनपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के समन्वय से अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दिव्यांगों को मिलेंगे उपकरण, किसानों को उन्नत बीज
शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही फलदार और फूलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा। विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देंगे और रोजगार से संबंधित सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
श्रमिकों के पंजीकरण की भी होगी व्यवस्था
शिविर में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीकरण की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण संबंधी जानकारी और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे एक नवंबर को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित शिविर में पहुंचें। पात्र नागरिक विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।
