बरेली में खूनी संघर्ष: पुरानी रंजिश में डिलीवरी बॉय की पीट-पीटकर निर्मम हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल

Neeraj Yadav Swatantra
By -
0

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र से एक दुस्साहसिक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर रात ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे एक डिलीवरी बॉय की पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई।

इस जानलेवा और सुनियोजित हमले में मृतक का एक साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है और एक मुख्य आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है।

सुभाषनगर थाना प्रभारी सतीश कुमार नैन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांति विहार कॉलोनी के रहने वाले डिलीवरी बॉय संजय सक्सेना और उनके साथी मोनू सैनी बुधवार रात करीब दो बजे अपना काम खत्म करके स्कूटी से घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे होली चौराहे के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे आशीष गुर्जर, विकास श्रीवास्तव, धीरेंद्र और उनके अन्य साथियों ने उन्हें जबरन रोक लिया।

इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुरी तरह से लहूलुहान और गंभीर अवस्था में दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मोनू का इलाज चल रहा है। पुलिस ने संजय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की वजह आपसी दुश्मनी बताई जा रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब छह महीने पहले किसी बात को लेकर मारपीट और विवाद हुआ था। उसी पुरानी खुन्नस को लेकर इस जानलेवा वारदात को अंजाम दिया गया।

मृतक की बहन साक्षी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने 11 लोगों को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी विकास को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है, वहीं घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

The post बरेली में खूनी संघर्ष: पुरानी रंजिश में डिलीवरी बॉय की पीट-पीटकर निर्मम हत्या, साथी गंभीर रूप से घायल appeared first on Live Today | लाइव टुडे.


📰 मूल खबर यहां पढ़ें — aavaj.com

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)