(जौनपुर):सुईथाकला लखनऊ-बलिया हाईवे पर स्थित सारी मोड़ के पास बुधवार सुबह ऑटो में बैठी एक महिला यात्री की सोने की चेन उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर महिला ने साथ मौजूद एक नाबालिग किशोरी की मदद से वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, ग्रामीणों की मुस्तैदी के चलते आरोपी महिला भागने में नाकाम रही और पकड़ी गई।
जानकारी के अनुसार, खुटहन थाना क्षेत्र के नगवा गांव की रहने वाली नसीबुन (पत्नी सलीम) बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे ऑटो में सवार होकर सरपतहा थाना क्षेत्र के गंगौली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। रास्ते में सारी मोड़ के करीब एक महिला अपनी नाबालिग साथी के साथ उसी ऑटो में सवार हुई। सफर के दौरान शातिर महिला ने बच्ची की आड़ लेकर बड़ी चतुराई से नसीबुन के गले से सोने की चेन पार कर दी।
जैसे ही नसीबुन को अपने गले से चेन गायब होने का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपी महिला ऑटो से कूदकर भागने लगी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत हरकत में आ गए और दौड़कर दोनों को घेर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से चोरी की गई चेन सकुशल बरामद कर ली गई। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी और दोनों आरोपियों को उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने चेन पीड़िता को सौंपकर उसे रिश्तेदारों के साथ रवाना किया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में ऑटो यात्रियों के बीच सतर्कता को लेकर चर्चा बढ़ गई है।
*ऑटो में महिला की सोने की चेन पार करने वाली शातिर महिला किशोरी संग पकड़ी गई, ग्रामीणों ने …
By -
October 28, 2026
0
Tags:
