सुरेरी क्षेत्र से लापता हुआ था किशोर, कपसेठी थाना क्षेत्र की वसुही नदी में मिला शव; मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस जांच में जुटी
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र में मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकले एक किशोर का शव अगले दिन वाराणसी जिले की वसुही नदी में मिला। किशोर रविवार सुबह करीब 5:30 बजे घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार शाम शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों ने किशोर को डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह घर से कहीं चला गया। जब देर तक वह वापस नहीं लौटा तो चिंतित परिजनों ने आसपास के इलाकों समेत कई स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद किशोर के चाचा की तहरीर पर सुरेरी पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार शाम वाराणसी जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र में स्थित वसुही नदी में एक किशोर का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता किशोर के रूप में की।
कपसेठी के थानाध्यक्ष के मुताबिक, नदी में शव उतराने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पहचान कराने का प्रयास करने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरेरी के थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि मोबाइल चलाने को लेकर परिजनों की डांट से नाराज होकर किशोर घर से चला गया था।
फिलहाल किशोर की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। नदी में डूबने की परिस्थितियों और घटना के अन्य पहलुओं की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
