जौनपुर। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं, निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर एक प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह ने बताया कि त्योहारों के समय कुट्टू और सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, मूंगफली, सूखे मेवे, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से नियमित जांच और कार्रवाई की जा रही है।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लाइन बाजार रोड स्थित हुसैनाबाद में ब्लिंकिट के स्टोर हाउस से साबूदाने का नमूना लिया। शाहगंज क्षेत्र के जमदहा बाजार स्थित इकरा ड्राई फ्रूट्स एंड कैफे से खजूर तथा जमदहा, खेतासराय स्थित विकास कुमार साहू के प्रतिष्ठान से सिंघाड़े के आटे का नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में केराकत के नई बाजार स्थित खुशी किराना स्टोर से खुले मूंगफली दाने और जयगोपालगंज धरौरा स्थित गीता देवी के प्रतिष्ठान से काजू का नमूना लिया गया। बदलापुर के सरोखनपुर स्थित मौर्या रेस्टोरेंट एवं कोल्ड ड्रिंक से बीयर तथा सुल्तानपुर रोड स्थित मनीष जनरल स्टोर से किशमिश का नमूना जांच के लिए एकत्र किया गया।
मिठाई की दुकान को सुधार नोटिस
विभागीय टीम ने सिंगरामऊ, बदलापुर स्थित मां गायत्री स्वीट हाउस का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कमियां पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया गया।
अस्वच्छता मिलने पर होगी कार्रवाई
डॉ. मंजुला सिंह ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण या बिक्री की स्थिति पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों को सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर लाइसेंस या पंजीकरण के निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ दूषित और शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को जब्त कर नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
धार्मिक आयोजनों में लगने वाले स्टॉलों की भी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से धार्मिक आयोजनों, रामलीला मैदानों और दुर्गापूजा पंडालों में लगाए जा रहे खाद्य स्टॉलों का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।
अभियान सहायक आयुक्त डॉ. मंजुला सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपराजिता तिवारी, कमला रावत, अंजू यादव और मनोज कुमार वर्मा शामिल रहे।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभाग के अनुसार, संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
