नेवढ़िया के गद्दीपुर गांव की घटना, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गद्दीपुर गांव में बुधवार को एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, घर की छत से गोबर के उपले उतारते समय युवती को किसी अज्ञात जंतु ने काट लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गद्दीपुर गांव निवासी राजेश गौतम की पुत्री रंजना गौतम बुधवार दोपहर घर के ऊपरी हिस्से में रखे गोबर के उपले उतार रही थी। इसी दौरान उसे किसी अज्ञात जंतु के काटने की आशंका जताई गई। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगी।
युवती की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल निजी वाहन से रामनगर स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
रंजना की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। हालांकि, युवती को किस जंतु ने काटा था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
