जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के युवा शिक्षकों की आकस्मिक मृत्यु ने पूरे शिक्षक समुदाय को शोकाकुल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के ग्राम बभनियांव निवासी एवं प्राथमिक विद्यालय करौर में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत सूर्य प्रकाश उपाध्याय जी अपने पारिवारिक कार्यवश वाराणसी गए थे। वहीं अचानक हार्ट अटैक आने से उनका दुखद निधन हो गया। परिवार के सपनों का सहारा और विद्यालय के बच्चों के प्रिय गुरु यूं असमय चले जाएंगे, किसी ने सोचा भी न था।
वहीं दूसरे शिक्षक विकास खंड डोभी के ग्राम सतमेसरा निवासी अमित कुमार सिंह, जो प्राथमिक विद्यालय मचहटी में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे, की भी अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। अमित कुमार सिंह दिव्यांग होते हुए भी पूरे मनोयोग और समर्पण से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते थे। उनके दो छोटे-छोटे बच्चो मे एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी आंखें अब अपने पिता की राह तकती रह जाएंगी।
दोनों शिक्षकों की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही उनके सहकर्मियों और शिक्षकों के बीच फैली, पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी। विद्यालयों के सहकर्मी, छात्र, अभिभावक — सभी इस दुखद समाचार से गमगीन हैं।
दोनों ही परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, और रोते-बिलखते परिजनों की दशा देखकर हर आंखे नम हो गई है।