जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के गभिरन बाजार में आधी रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर नकदी पर हाथ साफ कर दिया। देसी शराब के ठेके, किराना मर्चेंट और कपड़े की दुकान में हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले देसी शराब के ठेके को निशाना बनाया। ठेका संचालक कतवारू पाल के यहां से 96 हजार रुपये चोरी होने की बात सामने आई है। इसके बाद मोनू किराना मर्चेंट की दुकान से 93 हजार रुपये और कपड़ा व्यवसायी विशाल मौर्य की दुकान से 65 हजार रुपये नकदी चोरी होने की जानकारी मिली है।
बताया जा रहा है कि तीनों दुकानों से कुल 2 लाख 54 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। एक ही रात में बाजार की तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय कारोबारियों में चिंता का माहौल है। घटना के बाद बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलने पर खुटहन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी।
इस संबंध में खुटहन थाना प्रभारी विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल, चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में पुलिस की जांच के नतीजों का इंतजार है।
