मड़ियाहूं के रानीपुर गांव की घटना, घायल युवक की मां ने पुलिस से की शिकायत; बाइक तोड़ने का भी आरोप
जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रानीपुर गांव में एक युवक पर गड़ासे से हमला करने और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। घायल युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुलाबी देवी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके बेटे आलोक यादव के साथ 13 अक्टूबर को कुछ लोगों ने घर पहुंचकर मारपीट की थी। आरोप है कि 16 अक्टूबर को आलोक अपनी बीमार मां के लिए दवा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रानीपुर गांव पहुंचने पर यशवंत यादव और मानसिंह यादव ने कथित तौर पर आशु यादव को गड़ासा देकर आलोक पर हमला करने के लिए उकसाया।
शिकायत के मुताबिक, हमले की आशंका के बीच आलोक अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसकी बाइक भी तोड़ दी गई और उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के संबंध में गुलाबी देवी ने 19 अक्टूबर को मड़ियाहूं कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
