जफराबाद थाना क्षेत्र के रायपुर गांव का मामला, पिता का गला दबाकर पीटने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में खूंटा उखड़ने को लेकर हुए विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी वर्षा यादव एडवोकेट, पुत्री सियाराम यादव, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 19 अक्टूबर को वह कचहरी से घर पहुंची थीं। उसी दिन शाम करीब 6:30 बजे खूंटा उखड़ने की बात को लेकर उनके पट्टीदार विवेक यादव घर में घुस आए। आरोप है कि इस दौरान विवेक यादव ने उनके पिता सियाराम यादव का गला दबाया और उनके साथ मारपीट की।
वर्षा यादव के मुताबिक, शोर सुनकर वह और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव किया। इससे उनके पिता को बचाया जा सका। आरोप है कि घटना के बाद विवेक यादव परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया।
मामले में पीड़िता ने जफराबाद थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष कमलनयन दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मंगलवार को विवेक यादव, लालती यादव और सुनीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
